• Mon. Mar 2nd, 2026

Bastar Chaupal

India #1 News Platform

रथ यात्रा के दिन हुई सोने के सिक्के व जेवरात चोरी का मामला सुलझा — एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

ByK Raghu Rao

Oct 25, 2025
Spread the love

किरंदुल। थाना किरंदुल पुलिस ने रथयात्रा के दिन हुए सोने के सिक्के एवं जेवरात चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से 04 नग सोने के सिक्के और एक सोने की चैन बरामद की है।

घटना 26 जून 2025 की है, जब रथयात्रा के अवसर पर शाम लगभग 7:30 से 8:30 बजे के बीच किरंदुल क्षेत्र में स्थित एक मकान की खिड़की की रॉड मोड़कर घर के अंदर घुसकर अज्ञात चोरों ने सोने के सिक्के और जेवरात चोरी कर लिए थे। इस संबंध में प्रार्थी एम. भगवती बाबू ने थाना किरंदुल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस पर अपराध क्रमांक 35/2025, धारा 305(ए), 331(4) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा श्री गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदित पुष्कर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.के. बर्मन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी किरंदुल श्री कपिल चंद्रा के पर्यवेक्षण में आरोपी की तलाश के निर्देश दिए गए।

थाना प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान सूचना मिली कि NMDC वाले सोने के सिक्के को एक व्यक्ति बेचने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर टीम ने दंतेवाड़ा पहुँचकर संदिग्ध किशन सोना उर्फ क्राइम (पिता – जौवन कुमार सोना, उम्र 21 वर्ष, निवासी रेलवे कॉलोनी दंतेवाड़ा) को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर किरंदुल में रथयात्रा के दिन घर में चोरी की थी और चोरी के सोने के सिक्के व चैन अपने पास छिपाकर रखे थे। पुलिस ने आरोपी से 04 नग सोने के सिक्के (01 नग 20 ग्राम, 01 नग 10 ग्राम, 02 नग 05 ग्राम के) तथा 01 नग सोने की चैन बरामद कर जब्त की। आरोपी को 23 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक लीलाराम गंगबेर, प्रधान आरक्षक हरि सिन्हा, आरक्षक धनंजय गंजीर, सुभाष प्रसाद, देवलाल सिदार एवं विक्रांत साहू की सराहनीय भूमिका रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: