डिपॉजिट-4 क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से पर्यावरणीय चिंता बढ़ी
दंतेवाड़ा।
दंतेवाड़ा जिले के डिपॉजिट-4 स्थित राजा बंगला–रानी घाट पहाड़ को बचाने के लिए युवाओं और स्थानीय ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में भांसी गांव से राजा बंगला–रानी घाट पहाड़ तक युवाओं, ग्रामीणों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा बाइक रैली निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने एनएमडीसी (NMDC) और सीएमडीसी (CMDC) द्वारा प्रस्तावित प्लांट का विरोध करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के पहाड़, जंगल और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचेगा। उनका कहना है कि प्लांट स्थापित होने से जल-जंगल-जमीन के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों की आजीविका पर भी संकट खड़ा हो जाएगा।

आंदोलनकारियों ने बताया कि हाल ही में डिपॉजिट-4 एवं राजा बंगला–रानी घाट पहाड़ के आसपास बाघ की मौजूदगी देखी गई है, जो यह दर्शाता है कि यह क्षेत्र वन्यजीवों का महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास है। ऐसे संवेदनशील इलाके में औद्योगिक गतिविधियां शुरू करना पर्यावरण और जैव विविधता के लिए घातक साबित हो सकता है।

बाइक रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कंपनियों और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा चेतावनी दी कि यदि पहाड़ों के संरक्षण से जुड़ा फैसला वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस आंदोलन में छविन्द्र कर्मा, सुलोचना कर्मा, सीपीआई के सदस्य, आम आदमी पार्टी के जिला सचिव सहित बड़ी संख्या में युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
