किरंदुल। रोशनी और खुशियों के महापर्व दीपावली के अवसर पर बैलाडीला ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन (BTOA), किरंदुल ने आपसी सौहार्द, सम्मान और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की। संगठन की ओर से पत्रकारों, कार्यालयीन कर्मचारियों एवं एसोसिएशन के सदस्यों को मिठाई, श्रीफल एवं दीपावली उपहार भेंट कर पर्व की खुशियां साझा की गईं।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने और समाज में प्रेम, सहयोग एवं सद्भाव का संदेश देने का माध्यम भी हैं।
उन्होंने कहा कि बैलाडीला ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन परिवहन व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए सदैव तत्पर है। संगठन का प्रयास है कि प्रत्येक पर्व पर आपसी एकता और पारिवारिक सौहार्द की भावना को प्रोत्साहित किया जाए।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सिंह, सचिव तरुण सोनी सहित समस्त पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, पत्रकारगण एवं कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।
उपहार वितरण के दौरान सभी के चेहरों पर दीपावली की खुशी झलकती नजर आई। आत्मीयता और उत्साह से भरे इस आयोजन ने संगठन की एकजुटता के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।
