किरंदुल, दंतेवाड़ा | संवाददाता
लौह नगरी किरंदुल के फुटबॉल ग्राउंड में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर दही हांडी मटकी फोड़ उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। नगर में वर्षों से संचालित स्पिरिट बॉयज समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम में झूम उठे।
महिलाओं और बच्चों की खास भागीदारी
कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए कई दिनों से स्पिरिट बॉयज समिति के संरक्षक मंडल और युवाओं की बड़ी टीम जुटी रही। इस आयोजन में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उनके लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, वहीं नन्हें-मुन्ने गोविंदाओं को भी दही हांडी फोड़ने का अवसर मिला। छोटे-छोटे बच्चों ने जब मटकी फोड़ी तो पूरा मैदान जयकारों से गूंज उठा।
दही हांडी प्रतियोगिता और पुरस्कार
बड़े गोविंदाओं के लिए भी दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें किरंदुल, बचेली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से युवाओं की टीमों ने भाग लिया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विजेता टीम को ₹10,000 का नगद पुरस्कार तथा उपविजेता टीम को ₹7,000 का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
जयकारों से गूंजा मैदान
पूरा मैदान “हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैया लाल की”, “नंद के आनंद भयो” और “तीनों लोक जीत लियो” जैसे जयकारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष *रूबी सिंह, एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के अधिशासी निदेशक **रविन्द्र नारायण, कार्मिक प्रमुख **के. एल. नागवेणी, उप महाप्रबंधक कार्मिक **तनवीर जावेद, सिविल प्रमुख **एस. के. पांडे, श्रमिक संघ एटक के अध्यक्ष **देवरायलु, सचिव **राजेश संधू, कार्यकारी अध्यक्ष **रोशन मिश्रा, पालिका उपाध्यक्ष **बबलू सिद्दीकी, पार्षद **गायत्री साहू, पूर्व पालिका अध्यक्ष **शैलेन्द्र सिंह, तथा एएम/एनएस महाप्रबंधक *वाई. वी. राघवेलु सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
