फुटबॉल ग्राउंड से अंबेडकर भवन तक निकली यात्रा, विभिन्न खेलों के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को किया गया सम्मानित

किरंदुल / दंतेवाड़ा। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल के तत्वावधान में साइकिल यात्रा एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने तथा स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओपी किरंदुल श्री अविनाश ठाकुर, एसआई श्री गुनेंद, एएमएनएस के एचआर प्रमुख डॉ. तेजप्रकाश, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री बबलू सिद्दीकी सहित विभिन्न श्रमिक यूनियनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
साइकिल यात्रा की शुरुआत किरंदुल के फुटबॉल ग्राउंड से हुई। खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में हिस्सा लिया। साइकिल यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और लोगों को खेलों से जुड़ने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए अंबेडकर भवन पहुंचकर संपन्न हुई।

राष्ट्रीय स्तर पर किरंदुल का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में फुटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, योगासन, स्केटिंग एवं बाल बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके विद्यालयीन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही इन खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के वरिष्ठ वर्ग में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के पीटीआई, खेल प्रशिक्षकों एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन ने किरंदुल क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने का सकारात्मक संदेश दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण साधन है। स्थानीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मानित किए जाने से क्षेत्र के अन्य युवा भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।
