एनएमडीसी किरंदुल परियोजना में विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, कर्मचारियों ने परिवार सहित लिया हिस्सा
किरंदुल। बैलाडीला की पहाड़ियों के बीच स्थित एनएमडीसी लिमिटेड की किरंदुल परियोजना में शुक्रवार को भगवान श्री विश्वकर्मा की पूजा पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाई गई। परियोजना के सिविल विभाग, विभिन्न खदानों, संयंत्रों सहित अन्य कार्यक्षेत्रों में आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए और भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
किरंदुल परियोजना प्रमुख एवं अधिशासी निदेशक रविन्द्र नारायण ने सपत्नी श्रीमती नमिता नारायण, अध्यक्षा प्रेरणा महिला समिति के साथ भगवान श्री विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने परियोजना के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, सुरक्षित कार्य वातावरण तथा कार्यों के निर्बाध संचालन की कामना की। उन्होंने एनएमडीसी के सभी कर्मचारियों और उनके परिजनों को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
फूलों और झालरों से सजे पूजा पंडाल
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर परियोजना के विभिन्न कार्यस्थलों को रंग-बिरंगे फूलों, झालरों और आकर्षक सजावट से सजाया गया। पूजा-अर्चना के बाद इंजीनियरिंग उपकरणों, औजारों तथा भारी मशीनरी की पूजा की गई और कर्मचारियों व उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
खदानों में दिखी आधुनिक मशीनरी, पर्यटकों ने लिया रोमांचक अनुभव
किरंदुल परियोजना की विश्वकर्मा पूजा हर वर्ष अपनी भव्यता और अनोखे आयोजन के लिए आकर्षण का केंद्र रहती है। इस बार भी पूजा के साथ बैलाडीला की प्राकृतिक सुंदरता और खदानों की विशाल मशीनरी देखने बड़ी संख्या में बाहर से पर्यटक पहुंचे। पर्यटकों ने खदानों एवं संयंत्रों का भ्रमण किया और बड़े-बड़े डंपर, डोजर तथा अत्याधुनिक भारी मशीनों को करीब से देखकर उत्सुकता जताई।
बैलाडीला की ऊंची-नीची पहाड़ियों और खनन क्षेत्र की विशाल मशीनरी ने आगंतुकों को खासा आकर्षित किया। पूजा के धार्मिक माहौल के साथ औद्योगिक गतिविधियों को करीब से देखने का अवसर लोगों के लिए विशेष अनुभव रहा।

कर्मचारियों के साथ ग्रामीण विकास पर भी जोर
परियोजना प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों की सुविधाओं एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए भी विभिन्न विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं। प्रबंधन की ओर से सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
विश्वकर्मा पूजा कार्यक्रम में परियोजना के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, यूनियन पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी तथा उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
