• Mon. Mar 2nd, 2026

Bastar Chaupal

India #1 News Platform

किरंदुल की नृत्य धारा अकैडमी को मिला राष्ट्रीय “सर्वश्रेष्ठ संस्थान” पुरस्कार

ByK Raghu Rao

Oct 13, 2025
Spread the love


भिलाई/किरंदुल। नृत्याधाम कला समिति द्वारा प्रस्तुत “देश राग” अंतरराष्ट्रीय संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता तथा जय पद्मम राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह का आयोजन 5 से 12 अक्टूबर 2025 तक एसएनडीजीएस ऑडिटोरियम, सेक्टर-4 भिलाई (छत्तीसगढ़) में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित आयोजन में देशभर से 2000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर किरंदुल शहर की नृत्य धारा इंस्टीट्यूट ऑफ भरतनाट्यम डांस अकैडमी को वर्ष 2025 का “सर्वश्रेष्ठ संस्थान पुरस्कार (Best Institution Award)” प्रदान किया गया।

अकादमी के निर्देशक गुरु नेपाल मल्लिक ने बताया कि उनके संस्थान के 35 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक और ट्रॉफियां जीतीं।

अकादमी की छात्राओं — अक्षिता, समृद्धि, अदिति, नित्य, लक्षिका, प्रगति, कृतिका, अक्षरा, मेघा, सुदीक्षा, हर्षिता और भव्या — ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं परिणीति, तनविका, सुरभि, श्रेया, रोशनी, मोक्षिका, सुहानी, तिशा, देवांशी, आशिता, नारायणी, अद्विका, युविका, निष्ठा, प्रिशा और तनीषा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त अदिति, तनीषी और सृष्टि को तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में सब-जूनियर ग्रुप डांस के दोनों ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं जूनियर ग्रुप डांस श्रेणी में भी नृत्य धारा ने बाजी मारी।
कार्यक्रम के दौरान गुरु श्री नेपाल मल्लिक को “ज्ञान श्रोत सम्मान” से सम्मानित किया गया, जो संस्थान के लिए गर्व का क्षण रहा।

इसी क्रम में 10 अक्टूबर 2025 को राजधानी रायपुर के रंगमंदिर सभागार में ऑल इंडिया डांसर एसोसिएशन एवं नृत्यति कलाक्षेत्रम द्वारा आयोजित ऑल इंडिया डांस प्रतियोगिता में किरंदुल की नन्ही कलाकार आर. कृतिका ने अपने मनमोहक भरतनाट्यम नृत्य से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें “बाल नृत्यकला श्रेष्ठ” उपाधि से सम्मानित किया गया। कृतिका की सफलता ने किरंदुल एवं दंतेवाड़ा जिले का नाम राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: