किरंदुल :- सर्व आदिवासी समाज बस्तर संभाग के आहवान पर संभाग के सभी जिले में व्यापक बंद का असर देखने को मिला। सर्व आदिवासी समाज बस्तर संभाग का आरोप है कि कांकेर जिले के चारामा तहसील के मयाना गाँव के निवासी पूर्व जिला अध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज, पूर्व जनपद अध्यक्ष चारामा तथा पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोंडवाना समाज समन्वय समिति दिवंगत *आदिवासी नेता श्री जीवन ठाकुर की मृत्यु जेल अभिरक्षा में अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जो कि प्रथम दृष्टया एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र एवं हत्या प्रतीत होती है। उन पर फर्जी वन अधिकार पट्टे बनाने और लैंप्स से धोखाधड़ी कर कर्ज निकालने का आरोप लगाया जा कर गिरफ्तार कर कारावास में डाल दिया गया, जहां जेल अभिरक्षा में उनकी मृत्यु हो गई है यह समाज के लिए एक गंभीर मुद्दा है।
इस मामले में पूरी प्रक्रिया की विसंगतियां और प्रशासनिक जवाबदेही के सवाल सामने दिख रहे हैं, जिन पर तत्काल जांच कर न्याय दिलाई जावे। इस बंद के समर्थन में बैलाडीला व्यापारी कल्याण संघ ने भी अपना समर्थन देते हुए अपनी व्यापारिक गतिविधियां बंद रखा। साथ ही व्यापारियों से अपील कर अपने दुकानें एवं व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखा और सर्व आदिवासी समाज के बंद आहवान को अपना समर्थन दिया। इस बस्तर बंद का व्यापक असर किरंदुल में देखने को मिला जहां सुबह से ही सारे व्यापारिक संस्थान बंद रहे।
