बचेली।
नगर की आम जनता को धूल-मिट्टी से हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए एनएमडीसी बचेली प्रबंधन ने एक सराहनीय और जनहितकारी पहल का आश्वासन दिया है। इस संबंध में समाजसेवी रवि सरकार ने आज बचेली स्थित एनएमडीसी के जीएम कार्यालय पहुंचकर ईडी एवं पर्सनल विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान पर्सनल डीजीएम से विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए रवि सरकार ने बताया कि बचेली क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर लगातार उड़ रही धूल-मिट्टी के कारण आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में नागरिकों ने उनसे फोन के माध्यम से मुख्य सड़क पर नियमित पानी के छिड़काव की मांग की है।
जनता की इस गंभीर समस्या को सहप्रेम एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में रखते हुए एनएमडीसी प्रबंधन के समक्ष अवगत कराया गया। इस पर एनएमडीसी प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि बचेली क्षेत्र में शीघ्र ही सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि धूल-मिट्टी की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
प्रबंधन की ओर से यह भी कहा गया कि एनएमडीसी सदैव आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक के दौरान अन्य जनसमस्याओं पर भी चर्चा हुई, जिन पर भविष्य में सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया गया।
रवि सरकार ने एनएमडीसी बचेली प्रबंधन का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि प्रबंधन न केवल जनता की बातों को गंभीरता से सुन रहा है, बल्कि उन्हें समाधान की दिशा में अमल में लाने के लिए तत्पर भी है।
जनता के हित में एनएमडीसी प्रबंधन की यह पहल निश्चित रूप से प्रशंसनीय है।
