वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर एवं एनएमडीसी ब्रांड एंबेसडर निखत ज़रीन रहीं मुख्य अतिथि
किरंदुल, दंतेवाड़ा |
देश की अग्रणी नवरत्न कंपनी एनएमडीसी की मदर प्रोजेक्ट किरंदुल परियोजना में गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर “रन फ़ॉर फ़न / रन ऑफ यूनिटी” का भव्य आयोजन नगर के फुटबॉल ग्राउंड में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, खेल भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एनएमडीसी की ब्रांड एंबेसडर एवं द्वितीय बार की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर निखत ज़रीन रहीं। उनके साथ एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के अधिशासी निदेशक श्री रवीन्द्र नारायण ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में वरिष्ठ नागरिकों के लिए 5 किलोमीटर तथा युवा वर्ग के लिए 10 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई, जिसमें एनएमडीसी अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिक, युवा खिलाड़ी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को एनएमडीसी के सौजन्य से टी-शर्ट एवं मेडल प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख श्री रवीन्द्र नारायण ने कहा कि व्यस्त जीवनशैली में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है और इसी उद्देश्य से एनएमडीसी द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी परियोजनाओं में रन फ़ॉर फ़न का आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन) पी. सिंह, महाप्रबंधक (खनन) एस. के. कोचर, महाप्रबंधक (यांत्रिकी) बी. सेल्वा कुमार, उप महाप्रबंधक (कार्मिक) तनवीर जावेद एवं दीपक पॉल, सहायक महाप्रबंधक (कार्मिक) शैलेंद्र सोनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहा. महाप्रबंधक (राजभाषा) संजय पाटिल ने किया।

एनएमडीसी किरंदुल परियोजना द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और युवा प्रेरणा का सशक्त संदेश देने में सफल रहा।
