भांसी (दंतेवाड़ा)।
अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती दिखाते हुए दंतेवाड़ा पुलिस (थाना भांसी) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बिना पिटपास गिट्टी का परिवहन कर रहे तीन हाईवा वाहनों को जब्त कर खनिज विभाग को प्रकरण भेजा गया, जिसके बाद संबंधित वाहन मालिकों पर कुल ₹80,284 (अस्सी हजार दो सौ चौरासी रुपये) का अर्थदंड लगाया गया।
दिनांक 12 जनवरी 2026 को थाना भांसी पुलिस द्वारा मुख्य मार्ग पर MCP (मोबाइल चेक पोस्ट) लगाकर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान तीन हाईवा वाहन क्रमांक CG JH20 G6136, JH20 G1140 एवं CG18 N1867 को रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि तीनों वाहन बिना वैध पिटपास के गिट्टी का परिवहन कर रहे थे। पूछताछ में दो वाहन एन. सी. नाहर कंस्ट्रक्शन कंपनी के तथा एक वाहन उत्तम पाल, भांसी का होना बताया गया, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
थाना प्रभारी भांसी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त किया और मामला खनिज विभाग से संबंधित होने के कारण प्रकरण तैयार कर जिला खनिज अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु भेजा गया।
खनिज विभाग द्वारा मामले की सुनवाई के बाद दिनांक 23 जनवरी 2026 को तीनों वाहनों पर क्रमशः
₹33,298
₹33,298
₹13,688
का अर्थदंड लगाया गया। इस प्रकार कुल ₹80,284 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देश पर की गई, जिन्होंने अवैध धंधों और खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने हेतु सभी थानों को MCP लगाकर सघन वाहन चेकिंग के आदेश दिए थे। इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर. के. बर्मन एवं अनुविभागीय अधिकारी किरंदुल कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में किया गया।
अर्थदंड की राशि खनिज विभाग में जमा कराए जाने के बाद तीनों वाहनों को थाना से सुपुर्दनामे पर वाहन मालिकों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और बिना दस्तावेज खनिज परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
