किरंदुल में होली को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न
किरंदुल नगर में रंगों, उमंगों और आपसी प्रेम के प्रतीक महापर्व होली को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सजग और सक्रिय नजर आया। इसी क्रम में किरंदुल थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्व समाज के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारिक संगठनों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

बैठक में एसडीओपी कमलजीत पाटले, उप निरीक्षक हेमशंकर गुणेंद्र, तहसीलदार महेश कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह, बैलाडीला व्यापारी कल्याण संघ के अध्यक्ष संदीप साव सहित संघ के प्रतिनिधिगण, व्यापारी संघ के पदाधिकारी, विभिन्न समाजों के प्रमुख सदस्य एवं नगर के पत्रकार बंधु गरिमामयी उपस्थिति में शामिल रहे।
बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया गया कि होली आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का पर्व है, किंतु कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि होलिका दहन रात्रि 11 बजे तक ही किया जाएगा। इसके पश्चात बिना अनुमति किसी भी प्रकार का सार्वजनिक आयोजन नहीं होगा।
स्कूली परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डीजे एवं साउंड सिस्टम निर्धारित ध्वनि सीमा के अंतर्गत ही संचालित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तेज ध्वनि, हुड़दंग, जबरन रंग लगाने या किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु मुखौटा पहनकर घूमने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया, ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि वे सड़कों पर अस्थायी दुकानें न लगाएं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
पर्व के दौरान नगर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा निरंतर गश्त की जाएगी। एसडीओपी कमलजीत पाटले ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, बाइक पर तीन सवारी बैठाने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने या किसी भी प्रकार का उपद्रव करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई के साथ आवश्यक दंड भी सुनिश्चित किया जाएगा।
तहसीलदार महेश कश्यप ने नागरिकों से संयम, जिम्मेदारी और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। थाना प्रभारी ने व्यापारिक वर्ग से विशेष सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकता है।
बैठक में उपस्थित सभी समाज प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में नगरवासियों से प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एकता और सौहार्द की भावना के साथ होली मनाने की अपील की गई, ताकि किरंदुल की पहचान अनुशासन, समरसता और सद्भाव के प्रतीक नगर के रूप में और अधिक सुदृढ़ हो सके।
