किरंदुल। दंतेवाड़ा जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किरंदुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 पेटी बीयर, 3 पेटी अंग्रेजी शराब और परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा मराजो वाहन को जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन एवं एसडीओपी कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय यादव द्वारा अवैध शराब परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 15 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर किरंदुल पुलिस ने सीएसईबी कॉलोनी पटवारी पारा क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान महिंद्रा मराजो वाहन क्रमांक CG-10-AT-2244 से अवैध रूप से शराब परिवहन करते हुए दो युवकों को पकड़ा गया।
पुलिस ने वाहन से 25 पेटी SIMBA बीयर (300 बोतल), एक पेटी अंग्रेजी शराब (अद्धी की 24 बोतल) तथा दो पेटी अंग्रेजी शराब (पौवा की 96 बोतल) बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 45.78 लीटर तथा अनुमानित कीमत 92 हजार 40 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित भदौरिया (34 वर्ष) निवासी कुकानार जिला सुकमा तथा रिषभ राठौर (20 वर्ष) निवासी हितावर थाना कुआकोंडा जिला दंतेवाड़ा शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक हेमशंकर गुनेन्द्र, उप निरीक्षक लीला राम गंगबेर, प्रधान आरक्षक हरि सिन्हा, राज प्रताप साय पैकरा, मधुकांत मरकाम, आरक्षक रूकचंद नाग, मनोज साहू एवं जोगा कुंजाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
