किरंदुल। नगर पालिका परिषद किरंदुल के उपाध्यक्ष एवं बैलाडीला व्यापारी कल्याण संघ, किरंदुल के सम्मानित संरक्षक बबलू सिद्दीकी को किरंदुल कॉन्ट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन (ठेकेदार संघ) का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर ठेकेदारों, व्यापारियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में संघ और अधिक सशक्त होकर ठेकेदारों के हितों की रक्षा करेगा।
किरंदुल स्थित एनएमडीसी परियोजना में कार्यरत ठेकेदारों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से गठित किरंदुल कॉन्ट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया चुनाव संचालन समिति द्वारा अधिसूचना जारी कर प्रारंभ कर दी गई है। समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई को नामांकन पत्र वितरण, 18 जुलाई को नामांकन जमा करने, 19 जुलाई को नाम वापसी, नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) एवं चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 26 जुलाई को मतदान एवं मतगणना एक ही दिन संपन्न होगी, जिसके बाद विजयी प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। हालांकि अध्यक्ष पद पर श्री बबलू सिद्दीकी के निर्विरोध निर्वाचित होने से यह पद पहले ही तय हो चुका है, जबकि अन्य पदों के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनावी प्रक्रिया जारी रहेगी।
चुनाव संचालन समिति ने एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के सिविल विभाग में इनलिस्टेड ठेकेदारों की अधिकृत मतदाता सूची भी जारी कर दी है। इसी सूची में शामिल ठेकेदार 26 जुलाई को मतदान कर संघ की नई कार्यकारिणी का चयन करेंगे।
श्री बबलू सिद्दीकी के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर क्षेत्र के ठेकेदारों एवं व्यापारिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संघ ठेकेदारों की समस्याओं के समाधान, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा एनएमडीसी प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगा।
